रतलाम ।   स्टेशन रोड़ थाना क्षेत्र के गीता मंदिर रोड के टर्न पर एक ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। इससे उसमें सवार 26 मजदूर घायल हो गए। घायलो को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। घायलो में करीब एक दर्जन महिलाएं भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह लोकेंद्र भवन की तरफ से मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्राली गीता मंदिर की तरफ जा रही थी, तभी गीता मंदिर की तरफ जाने वाले मोड़ पर अचानक ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। ट्राली पलटने से उसमें सवार मजदूर घायल हो गए। घायलों की चीख गूंज उठी। कई घायल रोने लगे। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद बड़ी संख्या में लोग दौड़कर घायलों की मदद के लिए वहां पहुंचे व घायलों को वहां से गुजर रहे आटो और लोडिंग वाहनों को रुकवा कर उनमें बैठाकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। व्यस्त मार्ग होने से दुर्घटना के बाद मौके पर लगा जाम लग गया व दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। गीता मंदिर रोड वैसे भी शहर का काफी व्यस्त मार्ग है। दिनभर इस मार्ग पर यातायात का दबाव बना ही रहता है, क्योंकि बड़ी संख्या में वाहन इस मार्ग से निकलते रहते हैं। ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जाम में फंसे वाहनों को निकाला गया। करीब आधे घंटे बाद यातायात सामान्य हो पाया। वहीं पुलिस ने जेसीबी को मौके पर बुलवाया व उसकी मदद से ट्रैक्टर ट्राली को रास्ते से हटवा कर जाम खुलवाया। चार घायलों को अधिक चोट आना बताया गया है। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चला है पुलिस मामले की जांच कर रही है।