पांच राज्यों के चुनाव समाप्त होने के बाद अब बीजेपी ने मिशन 2023 के लिए मध्य प्रदेश  में थ्री लेयर प्लान पर काम करना शुरू कर दिया है। इसमें दलित, कमजोर और हारी हुई सीटों के साथ बूथ पर फोकस करना तय किया गया है। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने इसी गाइडलाइन पर विधानसभा चुनाव की बिसात पर काम करने के लिए कहा है। इसके बाद विधानसभा सीटों और बूथों को इन तीन श्रेणियों में बांटा गया है और BJP ने इसे लेकर अपने स्तर पर काम करना शुरु भी कर दिया है

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, BJP के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद तीनों निरंतर चुनावी रणनीति पर काम करने में लगे हैं। सरकारी योजनाओं में जनता पर फोकस कर सर्विस डिलीवरी सिस्टम सुधारने का काम हो रहा है। साथ ही ऐसी योजनाओं पर ज्यादा ध्यान है जिससे बड़ा वर्ग प्रभावित होता है। इसे लेकर हर दिन बैठकों का दौरे जारी है।

प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने पूरे प्रदेश को नापने की शुरुआत कर दी है। लगभग हर संभाग में उन्होंने दौरा किया है। अब ये दौरे और बढ़ेंगे। कमजोर और हारी सीटों पर भी जाने की शुरुआत कर दी गई है। इसके साथ ही उन सीटों पर भी दौरे बढ़ाए जा रहे हैं, जो दलित बहुल हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने चुनावी प्रबंधन और रणनीति के स्तर पर काम करना शुरू कर दिया है। हितानंद ने चुनाव के हिसाब से विधानसभा सीटों को लेकर काम शुरू किया है जल्दी इन सीटों के लिए प्रभारी भी तैनात होंगे। विभिन्न मौर्चो को भी सक्रिय किया गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी अभी से चुनावी रणनीति पर काम करने लगे हैं।