केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को राष्ट्रमंडल खेलों के पदकवीरों को सम्मानित किया।दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर में हुए कार्यक्रम में अमित शाह ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया।इस दौरान पहलवान मोहित ग्रेवाल, जुडोका तूलिका मान समेत कई एथलीट्स मौजूद रहे।गृह मंत्री ने उन पदकवीरों को सम्मानित किया जो पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। इसके अलावा इस कार्यक्रम में कुछ अन्य स्पोर्ट्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ी भी शामिल रहे।मोहित ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में कुश्ती में कांस्य पदक जीता था।वहीं, तूलिका ने जूडो में रजत पदक अपने नाम किया था।कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत ने 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य समेत कुल 61 पदक जीते थे और चौथे नंबर पर रहा था। भारत का यह चौथा सबसे सफल राष्ट्रमंडल खेल रहा था।बर्मिंघम में ऑस्ट्रेलिया 67 स्वर्ण, 57 रजत और 54 कांस्य समेत कुल 178 पदकों के साथ पहले स्थान पर रहा।