नई दिल्ली। भड़काऊ बयानबाजी को लेकर आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने के बाद उनकी राजनीतिक पार्टी को एक और झटका लगा है। बृहस्पतिवार को नई दिल्ली जिले के संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन के बाद हिरासत में लिए गए एआइआएआइएण के 30 कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन्हें सरकारी काम में बाधा डालने, भीड़ में शामिल होकर उपद्रव करने और आपराधिक कृत्य के लिए एकत्र होने से संबंधित धाराओं में गिरफ्तार किया गया है।बता दें कि भारतीय जनता पार्टी से हाल ही में निष्कासित नूपुर शर्मा द्वारा दिए गए विवादित बयान के विरोध में ये कार्यकर्ता थाने के बाहर नारेबाजी और हंगामा कर रहे थे। इसी दौरान ओवैसी के खिलाफ एफआइआर की बात भी सामने आई थी। पुलिस ने सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया था। नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त अमृत गुगुलोथ ने कहा कि भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत 30 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।