भोपाल  । राजधानी  सहित प्रदेश भर में बर्फीली हवाएं चलने से ठिठुरन बरकरार है। कल तक बर्फिली हवाओं से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। इसके बाद उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रवेश करने पर हवाओं का रूख बदलने से न्यूनतम तापमान बढ़ने पर ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक 28 जनवरी तक ठंड के तीखे तेवर बने रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी पीके साहा के अनुसार, उत्तर भारत के पहाड़ों पर जबरदस्त बर्फबारी हुई है। वर्तमान में मध्यप्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाला कोई वेदर सिस्टम भी सक्रिय नहीं है। उधर हवाओं का रूख भी लगातार उत्तरी बना हुआ है। जिसके चलते उत्तर भारत के पहाड़ों से मैदानों की तरफ चल रही बर्फीली हवाओं के कारण राजधानी सहित मध्यप्रदेश के अधिकतर जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बुधवार को शहर का न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम रहा। मंगलवार को भी न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस तरह लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी शहर में शीतलहर का प्रभाव रहा। उधर मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम रहा था। जिसके चलते सोमवार के बाद मंगलवार को भी शहर में शीतल दिन रहा था। मौसम विज्ञानी साहा के मुताबिक बुधवार को भी शीतल दिन रहने की संभावना है। लगातार सर्द हवाएं चलने से जनजीवन भी प्रभावित होने लगा है। जगह-जगह लोग अलावा जलाकर ठंड से जूझते नजर आ रहे हैं। आसमान साफ रहने से धूप का निकल रही है, लेकिन सर्द हवाओं के सामने धूप की तपिश नाकाफी है। उधर शाम ढलने के बाद लोग घर में रजाई में दुबकने लग जाते हैं। बुधवार को शहर का न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार दूसरे दिन शीतलहर का प्रभाव रहा।