उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने गुरुवार को चार चीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनपर अवैध रूप से भारत में रहने का आरोप है। बता दें कि एसटीएफ चीन से जुड़े संदिग्ध हवाला रैकेट की जांच कर रही है। इसी क्रम में टीम ने नोएडा में छापा मारकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जॉनसन उर्फ ही जुआंग, रेन उर्फ रेन चाव, जेंग हाओजे उर्फ जॉन और जेंग डाई के रूप में की गई है। चारों आरोपी 2020 से बिना वैध वीजा के ग्रेटर नोएडा में रह रहे थे। इसी आरोप में बीते 13 जून को गिरफ्तार किए गए चीनी नागरिक जुई फी उर्फ किले के साथ भी इनके तार जुड़े हुए हैं। किले को बीते दिनों उसकी महिला साथी पेटेकरिनुओ के साथ गिरफ्तार किया गया था। 22 वर्षीय पेटेकरिनुओ नागालैंड की रहने वाली है।उत्तर प्रदेश पुलिस ने बिहार से नेपाल जाने की कोशिश के दौरान सशस्त्र सीमा बल द्वारा गिरफ्तार किए गए दो अन्य चीनी नागरिकों को पकड़ने के दौरान गुरुग्राम के एक होटल से जुई फी और पेटेकरिनुओ को गिरफ्तार किया था।