दिल्ली में कोरोना के मामले एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस कहा कि दिल्ली में कोरोना के हालात नियंत्रण में हैं। मैं सभी योग्य लोगों से आग्रह करता हूं कि वे दिल्ली में नि:शुल्क दी जाने वाली वैक्सीन की प्रिकॉशन डोज भी लें। ये डोज मोहल्ला क्लीनिक पर भी उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में फिलहाल केवल 10 प्रतिशत लोगों ने ही प्रिकॉशन डोज लिया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 12 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों के अभिभावकों से भी कहा है कि अपने बच्चों को वैक्सीन की दोनों डोज लगवाएं।बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए दिल्ली सरकार स्कूलों में भी कैंप लगवाने वाली है। इसके लिए स्कूल प्रबंधन स्थानीय जिला प्रशासन के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

दिल्ली में अब तक 3.53 करोड़ डोज लगाए जा चुके हैं। लेकिन इनमें से महज 18.5 लाख लोगों ने ही प्रिकॉशन डोज लगवाई है। कुल 1.81 करोड़ लोगों को पहली डोज लगी है। 1.53 करोड़ लोगों ने दोनों डोज लगवाई है।दिल्ली में प्रतिदिन एक लाख डोज लगाने की क्षमता है। इसके साथ ही उन्होंने सेकंड डोज न लगवाने वालों से जल्द से जल्द इसे पूरा करने की अपील की है।