फतेहपुर । जिले में 16 साल की एक लड़की ने रेप के बाद जहर खाकर जान दे दी। मंगलवार की रात उसका पूरा परिवार गांव की एक शादी में गया था। तभी एक युवक घर में घुस आया। उसने लड़की के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस आरोपी की युवक की तलाश में जुटी हुई है। लड़की की मौत से गांव में तनाव है। 
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला जहानाबाद थाना क्षेत्र का है। एक गांव में मंगलवार की रात शादी थी। यहां रहने वाला परिवार शादी में गया था। घर में सिर्फ उनकी हाईस्कूल में पढ़ने वाली नाबालिग लड़की थी। तभी पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। रात करीब तीन बजे लड़की की मां, पिता और उसका भाई शादी से घर पहुंचे। उन्हें देखकर आरोपी युवक घबरा गया और वह भागने लगा। लड़की के भाई ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वो उसको धक्का देते हुए फरार हो गया। छात्रा के पिता ने बताया कि हम लोग गांव की एक शादी में गए हुए थे। मेरी बेटी घर पर ही अकेली रुकी हुई थी। हम लोग जब देर रात तीन बजे घर वापस आए तो देखा कि पड़ोस में रहने वाला विनोद मेरी बेटी के साथ गलत काम कर रहा है। विनोद हम लोगों को देखकर भागने लगा। मेरा बेटा एक बार उसको पकड़ लेता है, लेकिन वो उसे घायल करके मौके से भाग गया। मैं और मेरी पत्नी बेटे को संभालने लगे। इतनी देर में मेरी बेटी ने एक कमरे में जाकर खुद को अंदर से बंद कर लिया। उसने कमरे में रखे चूहे मारने वाली दवा खा ली। किसी तरह दरवाजा खोला और कमरे के अंदर पहुंचे तो मेरी बेटी जमीन पर पड़ी तड़प रही थी। उसके पास चूहे मारने वाली दवा भी पड़ी थी। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। हम लोग बेटी को लेकर जहानाबाद सीएचसी पहुंचे। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर हैलट के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही मेरी बेटी ने दम तोड़ दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।