नोएडा पुलिस ने  ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता, गाली गलौज और धक्कामुक्की करने के आरोपी श्रीकांत त्यागी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ दो से तीन और साथियों के गिरफ्तार होने की बात सामने आ रही है।  बताया जा रहा है कि श्रीकांत त्यागी भंगेल से खुद गाड़ी चलाकर मेरठ गया था। वह अपने करीबी के घर में छिपा था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। पुलिस कमिश्रनर आलोक पांडेय ने श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि श्रीकांत त्यागी को मेरठ से नोएडा लाया जा रहा है। 

सोसाइटी की महिलाओं का आरोप है कि श्रीकांत ने सत्ता की हनक दिखाते हुए पौधे लगाकर एक स्थान पर कब्जा करने का प्रयास किया। जब महिलाओं ने उन्हें रोका तो उन्होंने एक महिला से अभद्रता की और जमकर गालियां दीं। पति के बीचबचाव करने पर उन्हें भी धमकी दी गई। इसके बाद सोसाइटी की अन्य महिलाओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसके बावजूद आरोपी ने महिला को धमकाते हुए कहा, ‘तुम पौधे टच करोगी तो मैं तुम्हें टच करूंगा।’ इसके बाद महिलाओं की नाराजगी और बढ़ गई। वहीं, सोसाइटी के लोगों ने सभी पौधों को उखाड़ दिया। करीब चार घंटे तक सोसाइटी में विवाद चलता रहा। वहीं, घटना का वीडियो कुछ ही देर में वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की टिप्पणियों से नाराजगी जताई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आरोपी नेता के खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।