गाजियाबाद में मंकीपॉक्स के दो संदिग्ध केस मिले हैं। एक मरीज दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में भर्ती हुआ है। दूसरा मरीज गाजियाबाद के MMG हॉस्पिटल में पहुंचा है। ग्रेटर नोएडा की 47 वर्षीय महिला अध्यापक भी वहां के जिला अस्पताल में भर्ती हुई हैं। उनके मुंह और पूरे शरीर पर लाल रंग के दाने हैं। तीनों के सैंपल जांच के लिए पुणे की नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी यानी NIV में भेज दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने तक तीनों संदिग्ध मरीज डॉक्टरों की निगरानी में रहेंगे।

गाजियाबाद का दूसरा संदिग्ध मरीज दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में मंगलवार को भर्ती हुआ है। यह मरीज अस्पताल की इमरजेंसी में बुखार और त्वचा पर दाने के लक्षण के साथ आया था। फिलहाल उसको आइसोलेशन वार्ड में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। प्राथमिक जानकारी यह भी सामने आई है कि उक्त संदिग्ध मरीज 20 दिन पहले ही मुंबई से लौटा है। वह दो महीने पहले पेरिस भी गया था। नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग में मंकीपॉक्स को लेकर कंट्रोल रूम बना दिया गया है। यहां के नोडल अधिकारी डॉक्टर जीके मिश्रा से 9675322617 और सहायक दिनेश गौड़ से 9899965203 से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मंकीपॉक्स के संदिग्ध मरीजों को भर्ती करने के लिए जिला अस्पताल में 20 बेड का आइसोलेशन वार्ड भी बना दिया गया है।