दिल्ली में सोमवार को सुबह से ही धूप खिली रही। इसके चलते अधिकतम तापमान में छह डिग्री का इजाफा दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के दौरान हल्के बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, बारिश की उम्मीद नहीं है। दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार सुबह से चमकदार सूरज निकला। दिन चढ़ने के साथ ही धूप तेज हो गई। इसके चलते तापमान में इजाफा हुआ।सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। यहां रविवार को अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। यानी एक दिन में ही अधिकतम तापमान में छह डिग्री का इजाफा दर्ज किया गया है। दिल्ली का नजफगढ़ इलाका सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।