नई दिल्ली । राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दक्षिण-पश्चिम विक्षोभ के बाद सुबह और शाम का मौसम तेजी से बदलने के संकेत मिलने लगे हैं। मॉनसून सीजन के बाद पहली बार सुबह का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। भारत मौसम विभाग  के वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली वालों को स्वास्थ्य के लिहाज से सतर्क रहने की जरूरत है। लापरवाही बरतने पर लोग वायरल फीवर व अन्य बीमारियों के चपेट में आ सकते हैं। भारत मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यनूतम तापमान 18 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। दिन के समय दिल्ली का मौसम साफ रहेगा। हालांकि, वातावरण में अभी नमी बनी रहेगी। नौ अक्टूबर तक दिल्ली का मौसम आंशिक उतार चढ़ाव के साथ साफ रहेगा। आईएमडी के मुताबिक धीरे-धीरे अगले कुछ दिनों में दिन के तापमान में भी कमी आने के संकेत हैं। भारत मौसम विभाग की मानक वेधधाला सफदरजंग के मुताबिक दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो ताजा मौसम के लिहाज से सामान्य है। जबकि न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे साफ है कि सुबह के तापमान में तेजी से कमी आने के संकेत हैं। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20।1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम था।