भोपाल। राजधानी भोपाल के बाग मुगालिया इलाके में स्थित आनंद विहार कॉलोनी में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उस समय अफरा तफरी फैल गई जब यहॉ स्थित व्यंजन टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। भीषण अग्निकांड में टेंट हाउस के गोदाम में रखे कई गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक धमाके हुए होने से सनसनी फैल गई और धमाके की चपेट से गोदाम का टीन शेड करीब 50 फीट दूर जाकर गिरा। 
आसपास के लोगो के अनुसार आग की चपेट मे आकर गोदाम में रखे कपड़े के पर्दे, कपड़ों आने से आग तेजी से फैल गई थी। गोदाम में मौजूद कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन यहॉ रखे गैस सिलेंडर आग की चपेट में आ गये और कई गैस सिलेंडर बम धमाके के साथ ब्लास्ट हो गए। धमाके की आवाज से डरे कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिये बाहर भागे। धमाकों के कारण आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। आग की भीषणता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गोडाउन से उठ रही आग की आग की लपटें का धुआं काफी दूर से भी दिखाई दे रहा है। वहीं आसपास के लोगों ने गोदाम के अंदर अवैध रूप से गैस रिफिलिंग किये जाने के आरोप भी लगाये है। आग लगने की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस टीम और दमकलो ने पहुंचकर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरु कर दिये। फायर फायटरो ने बताया कि आग बुझाने के साथ ही गैस सिलेंडरों को सुरक्षित निकालना भी आवश्यक था। आग बुझाने के लिए नगर निगम अमले, जिला प्रशासन और पुलिस ने ऑपरेशन चलाते हुए गोदाम की दीवारों को जेसीबी की मदद से तोड़ते हुए घटनास्थल से 200 मीटर पहले बेरिकेडिंग कर लोगों को वहॉ जाने से रोका। आग का विकराल रुप देखते हुए फायर ब्रिगेड की 10 से अधिक दमकले मौके पर पहुंची गई थी। जेसीबी की मदद से रास्ता बनाने के बाद दमकलो ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।