येरुसलेम । इजराइल के समुद्र में एक ‘अद्भुत’ स्ट्रक्चर की खोज हुई है। पत्थरों से बना यह स्ट्रक्चर इजराइल के छोटे से शहर एटलिट के पास समुद्र की गहराई में मिला है। इससे कई पुराने रहस्यों को सुलझाने की बात कही जा रही है। जानकारी के अनुसार जब मेरीटाइम आर्कियोलॉजिस्ट्स को यह संरचना मिली तो वो उसको देखकर हैरान रह गए। इसकी खोज से ऐसे नए सबूत सामने आए हैं, जो सदियों पुराने स्टोनहेंज रहस्य को सुलझा सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्टोनहेंज ब्रिटेन की विल्टशायर काउंटी में स्थित एक फेमस प्रीहिस्टोरिक स्ट्रक्चर है। जिसमें पत्थरों की बड़ी-बड़ी शिलाओं को जमीन में गाड़कर एक गोलाकार चक्र बना हुआ है। पत्थर की इन गोलाकार संरचनाओं को देखने के लिए हर साल हजारों पर्यटक ब्रिटेन आते हैं। हालांकि हजारों साल पुरानी ये संरचनाएं दुनिया भर में भी पाई जाती हैं जबकि उनमें से कुछ कई रिसर्चर्स के लिए रहस्य बने हुए हैं, जिनमें स्टोनहेंज भी शामिल है। यह अद्भुत स्ट्रक्चर इजराइल के छोटे से शहर एटलिट के पास समुद्र की गहराई में मिला। यह साइट स्मिथसोनियन चैनल की शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री, ‘स्टोनहेंज जैसी संरचनाओं के दौरान खोजी गई थी। 
बता दें ‎कि 1984 में, मेरीटाइम आर्कियोलॉजिस्ट एहुद गैलिली ने जहाजों के मलबे की खोज के लिए समुद्र में लगातार गोता लगाया। इस दौरान उनकी नजर एक प्राचीन धंसी हुई बस्ती पर पड़ी। उन्होंने कहा ‎कि जब हम यहां गोता लगा रहे थे तो हमें एक दीवार मिली, जो कभी एक घर का हिस्सा थी। और कुछ ही दिनों में, आस-पास और अधिक नींव पाई गईं। उन लोगों के कंकाल भी पाए गए, जो कभी इस जगह को घर कहते थे। गैलिली ने बताया कि उनकी टीम को लगभग 15 फैमिली घर मिले। हमने अनुमान लगाया कि एक समय में यहां रहने वालों की संख्या 70 से 150 लोगों के बीच थी। हमें दीवारें, आवास, संरचनाएं यथास्थान मिलीं। 
धीरे-धीरे, हमें एहसास हुआ कि 40 हजार वर्ग मीटर में फैला हुआ यह एक विशाल स्थल है। रेडियोकार्बन डेटिंग से पता चला कि यह स्थल लगभग 9 हजार साल पुराना था, जो इसे पृथ्वी पर सबसे पुरानी मानव बस्तियों में से एक बनाता है। उसके केंद्र में एक रहस्यमयी पत्थर की गोलाकार संरचना लगभग सही सलामत खड़ी थी। रिसर्चर्स का कहना है कि यह स्ट्रक्चर यह समझने में एक अनूठी सोच को प्रदान करता है कि पत्थर की सर्कुलर संरचना पहले स्थान पर क्यों बनाई गई थी। यह बस्ती दुनिया की सबसे पुरानी बस्तियों में से एक है, और स्ट्रक्चर के पत्थरों वाले हिस्से पर कप के निशान खुदे हुए थे। पत्थर के घेरे का उपयोग किसी प्रकार के जल अनुष्ठान के लिए किया गया होगा।