गरीब कल्याण के लिए काम कर रही भाजपा सरकार
कांग्रेस लूट, फूट और झूठ की पार्टी
मध्यप्रदेश में विकास की बात पर हो रहा चुनाव


शाजापुर  ।    भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को शाजापुर विधानसभा के मक्सीनगर में भाजपा प्रत्याशी श्री अरुण भीमावद के समर्थन में रोड़ शो किया। अपार जनसमर्थ के साथ हुए रोड शो में जगह जगह राष्ट्रीय महासचिव का पूरे नगर में स्वागत किया गया। रोड़ शो में उनके साथ क्षेत्रीय सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी, भाजपा प्रत्याशी श्री अरुण भीमावद, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष श्री गोपाल पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री कालू पटेल भी मौजूद थे। रोड़ शो के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए श्री विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में गरीब कल्याण की अनेकों योजनाएं चलाकर उनके दुख-दर्द को दूर करने का काम कर रही हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की भाजपा सरकार ने 1 करोड़ 36 लाख से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से निकालने का कार्य किया है। 

कांग्रेस लूट, फूट और झूठ की पार्टी

पार्टी के राष्ट्र्रीय महासचिव श्री विजयवर्गीय ने कहा कि  कांग्रेस लूट, फूट और झूठ की पार्टी है। भाजपा ने जो कहा वो किया और जो कहेगी उसे समय के साथ पूरा करेगी। मध्यप्रदेश को अब बीमारू नहीं बेमिसाल राज्य के तौर पर जाना जाता है। कांग्रेस ने 15 महीने के शासन में सिर्फ घोटाला ही घोटाल किया और लोगों से जो वादा किया था उसे पूरा नहीं किया। विधानसभा चुनावों में और उसके बाद कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से लेकर असम तक कमल का फूल खिलाना होगा ,ताकि हमारा देश प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ता रहे।

विकास की बात पर विधानसभा चुनाव 

विजयवर्गीय ने कहा कि इस बार चुनाव मध्यप्रदेश के भविष्य को लेकर हो रहा है। युवाओं, माताओं और किसानों के भविष्य को सुनिश्चित करने का चुनाव है। बहन-बेटियों की जिंदगी संवारने का चुनाव है। विकास की रफ्तार को और गति देने का चुनाव है। इसलिए जरूरत है कि हम उस सरकार को चुनें जो विकास और प्रगति के लिए काम करती हो। गरीब कल्याण और आपके हितों के लिए काम करती हो। इस अवसर बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित थे।