नई दिल्ली। मौसमी उतार-चढ़ाव के बीच दिल्ली-एनसीआर में लगातार न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट जारी है। सोमवार को भी न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहने के आसार हैं। इसके साथ ही सोमवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आगामी एक सप्ताह के दौरान दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सिसय के आसपास रहेगा। इस दौरान रात के समय ठंड मे और इजाफा होगा, जबकि दिन में तेज धूप निकलने के कारण लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी। वहीं, धूप निकलने के चलते 8 बजे के करीब न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।सोमवार को सुबह आसमान साफ नजर आया और धुंध नहीं के बराबर रही। सुबह 8 बजे के बाद धूप ने धुंध के असर को तकरीबन खत्म कर दिया। इस बीच मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री और कम हो जाएगा।

यानी न्यूनतम तापमान के 7 डिग्री सेल्सियस के आसपास जाने के आसार है।दिल्ली का मौसम करीब करीब ऐसा ही बना रहेगा, जैसा अभी चल रहा है। लेकिन सुबह के वक्त खासतौर पर ठंड का एहसास और बढ़ेगा।  मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, दो दिन बाद यानी बुधवार और बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान डिग्री पहुंच सकता है, जबकि अधिकतम तापमान के 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। कुलमिलाकर ठंड के एहसास में थोड़ी और वृद्धि हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में दिसंबर के मध्य तक शीतलहर का आगमन हो सकता है। इसके साथ ही ठंड इस साल भी कई रिकॉर्ड तोड़ने की ओर बढ़ रही है।

वहीं, इससे पहले रविवार को भी सुबह- शाम ठंडक और दिन के समय धूप खिलने से राहत का दौर बरकरार रहा, लेकिन शाम होते ही ठंड बढ़ गई। रात में भी ठंड का अधिक असर देखने को मिला। रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 7.9 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।हवा में नमी का स्तर 97 से 33 प्रतिशत रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री की दृष्टि से लोधी रोड जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री के लिहाज से मयूर विहार सबसे ठंडा इलाका रहा।