नई दिल्ली। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच मृत्यु के भी आंकड़े बढ़ने लगे हैं। बुधवार को बीते 24 घंटो में आठ मरीजों की मृत्यु कोरोना के चलते हो गई है। इसको देखते हुए दिल्ली के तीनों नगर निगम ने श्मशान घाट से लेकर शवदाह गृह और कब्रिस्तानों पर सर्तकता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा है कि अंतिम संस्कार में ज्यादा समय न लगे इसके लिए तमाम प्रक्रियाओं में समय व्यर्थ न कराए। कम से कम अनुष्ठान कराए जाएं साथ ही लकड़ी से होने वाले अंतिम संस्कार में कम समय लगे इसके लिए चिता पर ही लकड़ी उपलब्ध कराई जाए। उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी निगम ने अपने सभी अंतिम संस्कार स्थलों पर कोरोना दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन के निर्देश दिए हैं।

अंतिम संस्कार में 20 से अधिक लोग शामिल न हो यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इसके लिए लगातार साउंड सिस्टम के जरिये लोगों को जागरुक किया जाए। इतना ही नहीं अंतिम संस्कार के पंजीकरण में समय में भी व्यर्थ न हो ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। निगम ने सभी श्मशान घाट और शवदाह गृह स्थलों को हर स्थिति के लिए तैयार रहने के लिए भी कहा है।

जहां पर लकड़ी से अंतिम संस्कार किया जाना है वहां पर पर्याप्त मात्रा में लकड़ी की उपलब्धता सुनिश्चित रहनी चाहिए और शव वाहनों का सही तरह से सैनिटाइजेशन होना चाहिए। सभी अंतिम संस्कार का पूरा रिकार्ड भी रखा जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में मृत्यु हो रही थी। इसकी वजह से अंतिम संस्कार के लिए भी लोगों को एक से दो दिन का इंतजार करना पड़ रहा था। इतना ही नहीं लोगों को दिल्ली से बाहर भी अंतिम संस्कार कराने के लिए मजबूर होना पड़ा था। पूर्वी निगम ने कोरोना से अंतिम संस्कार के लिए छह तो उत्तरी निगम में 12 और दक्षिणी निगम में नौ स्थल अंतिम संस्कार के लिए चिह्नित हैं।