छत्तीसगढ़ के मुंगेली में गुरुवार रात 9 साल की बच्ची का अर्धनग्न शव झाड़ियों में मिला है। मामला सिटी कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, अमलीडीह गांव में गुरुवार शाम करीब 5 बजे चरवाहे मवेशियों को लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर झाड़ियों में पड़ी एक प्लास्टिक बोरी पर पड़ी। उन्होंने पास जाकर देखा तो बोरी ऊपर से बंधी हुई थी। इस पर उन्होंने गांव के कोटवार को इसकी जानकारी दी। कोटवार ने मौके पर पहुंच बोरी को बाहर से छुआ तो उसे किसी का शव होने की आशंका हुई। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। 

शव मिलने की सूचना पर कुछ देर बाद डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस भी पहुंच गई। उन्होंने देखा कि बोरी का मुंह गमछे से बंधा हुआ था। इस पर उसे खोला गया तो अंदर बच्ची का अर्धनग्न शव मिला। उसके हाथ-पैर मोड़कर बोरी में डाला गया था। बच्ची के गले में 786 का लॉकेट था। पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। 

पुलिस का कहना है कि बच्ची से दुष्कर्म हुआ है या नहीं यह पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। आशंका है कि गला घोंटकर बच्ची को मारा गया है। शव के एक दिन पुराना होने की आशंका है। फिलहाल पंचनामा कार्रवाई की जा रही है। बच्ची के शव की फोटो आसपास के थानों में शिनाख्त के लिए भिजवाई गई है। इसके अलावा मुखबिरों को भी अलर्ट किया गया है। पहचान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।