रायपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने संभागीय सम्मेलन के बाद मंत्री रविंद्र चौबे ने निवास पर समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की मौजूदगी में करीब डेढ़ घंटे चली बैठक में संभागीय सम्मेलन की सफलता और आगामी विधानसभा स्तर पर होने वाले प्रशिक्षण पर मंथन किया गया। प्रदेश में आपरेशन लोटस को रोकने के लिए मंत्रियों से फीडबैक भी लिया गया।

छत्तीसगढ़ में सफल नहीं होगा भाजपा का आपरेशन लोटस: मरकाम

कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो पार्टी चुनाव में जीत के प्रति आश्वस्त तो नजर आ रही है, लेकिन आपरेशन लोटस ने बड़े नेताओं के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी है। एक दिन पहले ही सरगुजा के संभागीय सम्मेलन में मंत्री टीएस सिंहदेव ने सार्वजनिक मंच से कहा कि उनकी दिल्ली में भाजपा नेताओं के साथ बैठक हुई थी। हालांकि वह संगठन के आदमी है और कांग्रेस छोड़कर जाने का विचार भी उनके मन में नहीं है।

मंत्री चौबे के बंगले पर बैठक के बाद मंत्री सिंहदेव ने उन्हीं बातों को एक बार फिर दोहराया। बताया जा रहा है कि भाजपा केंद्रीय संगठन के नेता प्रदेश में उन कमजोर कांग्रेस नेताओं के संपर्क में हैं, जो किसी न किसी कारण से सरकार और संगठन से नाराज हैं। अभी कार्यकर्ता स्तर के नेताओं को भाजपा प्रवेश कराया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि भाजपा का आपरेशन लोटस छत्तीसगढ़ में सफल नहीं होगा। इससे पहले कई बघवा आए और चले गए।

कांग्रेस के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, चुनाव को देखते हुए मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों की समीक्षा की गई। बैठक में तय किया गया है कि हर विधानसभा का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश किया जाएगा। इसके साथ ही चुनाव समन्वय समिति, चुनाव संचालन समिति और घोषणा पत्र समिति के सदस्यों के बारे में भी चर्चा हुई है।

बैठक में मंत्री टीएस सिंहदेव, मोहम्मद अकबर और ताम्रध्वज साहू भी मौजूद थे। इससे पहले बस्तर के संभागीय सम्मेलन के बाद मंत्री अकबर के निवास पर आला नेताओं की बैठक हुई थी। आगामी बैठक मंत्री ताम्रध्वज साहू के निवास पर होगी। चुनाव से पहले सत्ता और संगठन के बीच समीकरण बनाने की कुमारी सैलजा कोशिश कर रही हैं।

विधानसभा सम्मेलन और बूथ सम्मेलन पर चर्चा

बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि चुनावी रणनीतियों पर चर्चा हुई है। हमारे बड़े नेता भी बूथ तक जाएंगे। एक और बैठक 22 जून को होगी। मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि चुनाव को देखते बैठकें लगातार चलेंगी। चुनाव की जो रणनीति है, उसको साझा नहीं कर सकता। पार्टी के अंदर की बात है।