आजमगढ़ । आजमगढ़ में एक व्यक्ति अपने 3 बच्चों के साथ इस समय थानों के चक्कर लगा रहा है और इंसाफ की मांग कर रहा है। क्योंकि उसकी पत्नी अपने 5वे प्रेमी के साथ भाग गई है। उसका कहना है कि पत्नी लोगों को झांसा देकर शादी करती है फिर फरार हो जाती है।
यह मामला अहरौला थाना क्षेत्र के चकब्राभानी गांव का है, जहां का रहने वाला अनिल राजभर चंडीगढ़ में काम करता था। वहां उसकी मुलाकात रीना नाम की युवती से हुई जिसके बाद दोनों की मुलाकात प्यार में बदली और मामला आगे बढ़ा। रीना उसके साथ शादी के लिए तैयार हो गई। इसके बाद दोनों ने मंदिर में शादी कर ली। अनिल राजभर शादी करने के बाद पत्नी रीना को लेकर अपने गांव आ गया। करीब 9 साल में उसके 3 बच्चे भी हुए। जिंदगी ठीक चल रही थी, लेकिन अब जो उसके साथ होने वाला था शायद ही अनिल ने कभी सपने में वो सोचा होगा। पीड़ित पति अनिल का कहना है कि उसकी पत्नी रीना लोगों को झांसा देकर शादी करती है और फिर कुछ साल रहने के बाद वह फरार हो जाती है। उसके चक्कर में आकर ना जाने कितने युवकों की जिंदगी बर्बाद हो चुकी है।
पीड़ित पति के अनुसार उसकी पत्नी ने पहले 3 शादियां की। फिर उसने अपने तीनों पतियों को छोड़ दिया। फिर उसने उसे प्रेम जाल में फंसाया और उसके साथ चौथी शादी कर ली। इस शादी से उसे 3 बच्चे हुए। 9 साल साथ रहने के बाद अब फिर वह अपने पांचवे प्रेमी के साथ भाग गई है। पीड़ित पति ने बताया कि पत्नी किसी शख्स से फोन पर बात करती थी। एक दिन जब इसके बारे में पत्नी से पूछा तो उसने बात इधर-उधर कर दी, लेकिन वह 3 जुलाई की रात करीब 8 बजे अपने पांचवें प्रेमी के साथ फरार हो गई। पति ने मामले की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस भी उसकी पत्नी को अभी तक खोज नहीं पाई है। भागने से पहले युवती अपने सारे पहचान दस्तावेज घर छोड़ गई है। पति को शक है कि जैसे इससे पहले अपनी नई-नई पहचान बनाते हुए उसने लोगों को अपने जाल में फंसाया था। ठीक वैसे ही इस बार भी वह एक नई पहचान बनाने जा रही है।