नई दिल्ली| गुजरात के मोरबी में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। यहां केबल पुल टूटने से सैकड़ों लोग मच्छु नदी में गिर गए। इनमें से कुछ लोगों के नदी में डूबने से मौत होने की आशंका है। इसको लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुजरात प्रशासन से बात कर घायलों को तुरंत उपचार देने के निर्देश दिए हैं। अमित शाह ने ट्वीट किया, "मोरबी में हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं। इस विषय में मैंने गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी व अन्य अधिकारियों से बात की है। स्थानीय प्रशासन पूरी तत्परता से राहत कार्य में लगा है, एनडीआरएफ भी शीघ्र घटनास्थल पर पहुंच रही है। प्रशासन को घायलों को तुरंत उपचार देने के निर्देश दिए हैं।"

जानकारी के मुताबिक, ब्रिज टूटने से करीब 400 लोग मच्छु नदी में गिर गए हैं। इनमें से कई लोगों के नदी में डूबने से मौत होने की खबर है। फिलहाल लोगों को नदी से निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यह पुल पिछले 6 महीने से बंद था। इसी महीने दिवाली के एक दिन बाद यानी 25 अक्टूबर को आम लोगों के लिए खोला गया था।