नई दिल्ली ।   पीओके को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर खुद हमारे पास वापस आ जाएगा। दरअसल, पीओके की जनता महंगाई, बिजली की बढ़ी हुई दर आदि का सामना कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हाल ही में सहायता की गुहार लगाई थी।

वीके सिंह ने क्या कहा?

केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने कहा कि जिस तरह से पाकिस्तान में चीजें चल रही हैं। जिस तरह से विभिन्न ताकतें अपने ही लोगों के खिलाफ खड़ी हो गई हैं। बहुत बड़ा मंथन हो रहा है। मुझे इस बात का अहसास है कि यह क्षेत्र जो पाक द्वारा बल प्रयोग और संयुक्त राष्ट्र की भागीदारी के कारण अर्ध-स्थायी हो गया है। अपने आप हमारे पास वापस आ जाएगा।

इससे पहले वीके सिंह ने गोरखपुर में इसी तरह का बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि पीओके अपने आप वापस आ जाएगा। तब केंद्रीय मंत्री से पूछा गया था कि पाक अधिकृत कश्मीर को लेकर केंद्र सरकार क्या करने वाली है। इस पर उन्होंने कहा था कि क्यों घबराते हों। कुछ समय बाद पीओके अपने आप पास आ जाएगा। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने वीके सिंह ने बयान पर कहा था कि हमने अखंड भारत का सपना देखा है। हम हमेशा कहते हैं पीओके हमारा है।