दिल्ली के रणहौला इलाके में गली में गाड़ी पार्क करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपने पड़ोसी को गोली मार दी। गर्दन के पास गोली लगने के बाद पीड़ित शेर सिंह को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी पड़ोसी आशीष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद करने का प्रयास कर रही है। गोली चलाने का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस उसके आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित शेर सिंह परिवार के साथ रणहौला के विकास नगर में रहते हैं। इनका प्रॉपर्टी का कारोबार है। घर के पास ही उन्होंने दफ्तर बनाया हुआ है। वह घर के पास गली में अपनी कार पार्क करते हैं। उनका पड़ोसी आशीष भी अपनी कार को गली में पार्क करते हैं। इसको लेकर अक्सर दोनों के बीच नोंकझोंक होती रहती है। सोमवार को भी ऐसा ही हुआ। बात बढ़ी तो आसपास के लोगों ने बीच-बचाव करा दिया।

आरोप है कि शाम के समय शेर सिंह अपने दफ्तर में बैठे हुए थे। इस बीच आशीष वहां पहुंचा। आते ही उसने शेर सिंह पर गोली चला दी। गोली उनको नहीं लगी। शेर सिंह ने अपना बचाव करने के लिए कुर्सी उठाकर आशीष की ओर उछाल दी। इस बीच शेर सिंह गिर गए। आरोप है कि इस बीच आशीष ने दूसरी गोली चलाई जो शेर सिंह की गर्दन के पास लगी और वह फरार हो गया। परिजनों ने शेर सिंह को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।