भोपाल  ।  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकसभा प्रत्याशियों के नाम की जल्द घोषणा कर सकती है। गुरुवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने देररात तक मंथन के बाद कई नामों पर मुहर लगा दी। अब कभी भी भाजपा की पहली सूची जारी हो सकती है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि भाजपा 100 से ज्यादा नाम की पहली सूची एक या दो मार्च और दस मार्च तक करीब 250 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर सकती है। भाजपा कमजोर सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम का एलान पहले करेगी। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत भाजपा शासित राज्यों के बड़े नेता शामिल हुए। मध्य प्रदेश से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अन्य नेता शामिल हुए।भाजपा सूत्रों का कहना है कि कई सीटों पर दावेदारों के पैनल बन गए और कुछ पर सिंगल नाम है। मध्य प्रदेश में विदिशा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गुना सीट से ज्योतिरादित्य सिंधिया, खजुराहो सीट से वीडी शर्मा, टीकमगढ़ से वीरेंद्र कुमार, मंडला से फग्गन सिंह कुलस्ते समेत करीब 22 से 24 सीट पर नाम नाम फाइनल हो गए है। इस बार भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत कुछ सीटों पर चेहरे बदलने की चर्चा है। प्रदेश में करीब 30 प्रतिशत सांसदों के टिकट कट सकते हैं।  भाजपा की रणनीति इस बार नए और युवा चेहरों को मौका देनी की है। दरअसल इस बार चुनाव पार्टी के पक्ष में दिखाई दे रहा है। इसलिए पार्टी युवा लीडरशिप को आगे बढ़ा सकती है। वहीं, तीन से अधिक बार के सांसदों को कोई दूसरी जिम्मेदारी दे सकती है। बता दें भाजपा ने सात सांसदों को विधानसभा चुनाव लड़ाया था। इसमें से दो चुनाव हार गए थे। इसमें पांच चुनाव जीते सांसदों की सीटों पर पार्टी नए चेहरे को मौका देना तय माना जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने लोकसभा प्रत्याशियों की सूची को लेकर कहा कि एक दो दिन के सूची जारी जाएगी। चुनाव समिति की बैठक हो चुकी है। बैठक में प्रत्याशी चयन पर चर्चा हो चुकी है।

इनके नाम की चर्चा

भोपाल- पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, वीडी शर्मा, रामेश्वर शर्मा, आलोक शर्मा। 
इंदौर- शंकर लालवानी, रमेश मेंदोला, गौरव रणदिवे, पुष्यमित्र भार्गव, जीतू जिराती।
जबलपुर- विनोद गोटिया, आशीष दुबे, प्रशांत सिंह। 
ग्वालियर-ज्योतिरादित्य सिंधिया, नरोत्तम मिश्रा, जयभान पवैया। 
गुना- ज्योतिरादित्य सिंधिया, केपी यादव। 
मुरैना- नरोत्तम मिश्रा, भारत सिंह कुशवाह, रणवीर सिंह रावत। 
भिंड- लाल सिंह आर्य, रणवीर जाटव, इमरती देवी।
दमोह- प्रहलाद पटेल, गोपाल भार्गव, प्रीतम लोधी, ऋषि लोधी। 
सतना- डॉ. नदिता पाठक, सपना वर्मा, नरेंद्र त्रिपाठी, गणेश सिंह। 
सीधी- शरदेंदु तिवारी, कांतदेव सिंह, केके तिवारी।
छिंदवाड़ा- नत्थन शाह कवरेती, उत्तर ठाकुर, बंटी साहू। 
होशंगाबाद- दर्शन सिंह, भारत सिंह। 
विदिशा- शिवराज सिंह चौहान, रामपाल सिंह, श्याम सुंदर।