नई दिल्ली । पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल के नेतृत्व में 14 सितंबर को जामा मस्जिद से दिल्ली गेट तक सर्वधर्म सद्भाव तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा।.
यह जानकारी देते हुए, विजय गोयल ने बताया कि यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रगतिशील नेतृत्व में आयोजित जी 20 शिखर सम्मेलन की उल्लेखनीय सफलता का उत्सव मनाने के लिए आयोजित की जाएगी। महात्मा गांधी सभी धर्मों का सम्मान करते थे, और उनके सहयोगियों में अनेक धर्म और जातियों के लोग शामिल थे। यह यात्रा भारत की समावेशी संस्कृति का प्रतीक है, इसके जरिए हम न केवल भारत की उपलब्धियों का बल्कि भारत की विविधता में एकता का भी जश्न मना रहे हैं।
गोयल ने कहा कि हमारे लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए विकास के नारे को लेकर बड़ी संख्या में मुस्लिम भाई-बहन भी इस यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा जामा मस्जिद से शुरू होगी और शहर के मध्य से होते हुए 4 किमी की दूरी तय कर, दिल्ली गेट पर समाप्त होगी।
गोयल ने कहा कि जामा मस्जिद की मटिया महल, बल्लीमारान, मछली बाजार की मुस्लिम एसोसिएशन भी इस यात्रा का स्वागत करेंगी। मोदी जी की जी-20 की सफलता पर स्थानीय दुकानदार जगह-जगह फूलों की वर्षा कर स्वागत करेंगे। यात्रा के लिए एक विशेष बैंड उत्तराखंड से बुलाया गया है, जिसके पीछे जी-20 के कटआउट के साथ मोदी जी का चित्र रहेगा।