दिल्ली | दिल्ली-एनसीआर में अब कड़ाके की ठंड का दौर खत्म होने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश से भी तापमान में फिलहाल गिरावट नहीं होगी। अगले चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी और हो जाएगी। इस तरह से शीतलहर व कड़ाके की ठंड से राहत मिलेगी। इसकी शुरुआत गुरुवार से होनी शुरू हो गई। जब दिन का तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 22.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आया नगर में सबसे कम 5.0, लोदी रोड में 5.4, रिज में 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से शाम तक धूप खिली रही।

एनसीआर में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरूग्राम में 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नोएडा में 6.2 और गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग की मानें तो अभी एक सप्ताह तक तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। विभाग ने पहले ही भविष्यवाणी की हुई है कि 19 जनवरी रात को हल्की बारिश व बूंदाबांदी होगी।

वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से 23 व 24 जनवरी को भी दिल्ली में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है।
इस दौरान तापमान में गिरावट नहीं होगी। अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री के बीच बना रहेगा। वहीं, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहने की संभावना है।