नई दिल्ली । आम आदमी पार्टी  के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को प्रवर्तन निदेशालय  की टीम शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कर चुकी है और उन्हें एजेंसी गुरुवार को राउज एवेन्यू कोर्ट लेकर पहुंची है, जहां स्पेशल जज एम के नागपाल की कोर्ट में पेश किया गया है। ईडी कोर्ट से संजय सिंह की रिमांड मांगेगी। बताया गया कि संजय सिंह पूछताछ के दौरान सहयोग नहीं कर रहे थे, घोटाले से जुड़े तथ्य छुपा रहे थे, ऐसे में कस्टोडिएल इंटेरोगेशन जरूरी थी, जिसके बाद गिरफ्तारी की गई। जज ने ईडी से पूछा कि जब लेन-देन की जानकारी काफी समय से थी तो पहले गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? ईडी के वकील ने कहा कि बयान अभी कुछ समय पहले दर्ज किए गए। जज एम के नागपाल ने पूछा कि कितने पैसों का लेन-देन था। ईडी ने बताया कि तकरीबन 2 करोड़ का ट्रांजेक्शन हुआ। संजय सिंह के आवास पर पैसा दिया गया। उनके कर्मचारी सर्वेश मिश्रा को दिए गए। दिनेश अरोड़ा ने पैसों के पहुंचने की बात फोन पर की तो इन्होंने उसकी तस्दीक भी की। वहीं, संजय सिंह की ओर से वकील मोहित माथुर पैरवी कर रहे हैं। कोर्ट ने ईडी से पूछा कि कब समन दिया गया, हिरासत में लेकर पूछताछ करने का आधार क्या है? ईडी ने कहा कि 239 जगहों पर सर्च किया गया है। दिनेश अरोड़ा के कर्मचारी ने 2 करोड़ संजय सिंह के यहां दिया। 1 करोड़ रुपए इंडो स्प्रिट के दफ्तर से उठाया गया। सीडीआर मैच की गई। संजय सिंह के घर से जो दस्तावेज मिले हैं उनसे कंफर्म करना है। संजय सिंह के फोन से जो कॉन्टेक्ट और डेटा मिला उसके बारे में उनको कस्टडी में लेकर पूछताछ करनी जरूरी है। कोर्ट ने पूछा कि जब फोन कब्जे में ले लिया है तो हिरासत में लेकर पूछताछ की जरूरत क्या है, फोन का सीडीआर चैक किया जा सकता है। आरोपी को हिरासत में लेने की जरूरत क्या बची है? संजय सिंह के वकील मोहित माथुर ने कहा कि ये सिलसिला कभी नहीं रुकने वाला है। ईडी का स्टार गवाह दिनेश अरोड़ा जोकि ईडी और सीबीआई दोनों मामलों में आरोपी था और दोनों ही मामलों में गवाह बन गया है। उसकी विश्वसनीयता सवालों के घेरे में है। ईडी ने कोर्ट को बताया कि उन्होंने रिमांड पेपर में संजय सिंह की 10 दिनों की रिमांड मांगी है, पहले ईडी के वकील ने 7 दिनों की रिमांड बोली थी। 3 लोगों को हमने पूछताछ के लिए बुलाया हुआ है। ईडी ने संजय सिंह की 7 दिनों की रिमांड मांगी। संजय सिंह के वकील ने कहा जब जांच एजेंसी के मन में आता है तो किसी को पकड़ने के लिए पुराने बयानों को निकाल कर ले आते हैं। अभी तक जांच एजेंसी ने सर्वेश मिश्रा के बयान दर्ज नहीं किए हैं। ईडी ने कहा कि सर्वेश मिश्रा को समन किया है, पहले भी किया था। संजय सिंह के वकील ने कहा सर्वेश को आप नेता की गिरफ्तारी के बाद समन किया है। गिरफ्तार करके संजय सिंह को प्रताड़ित किया जा रहा है। एक साल में 239 छापे मारे गए। उनके घर में ऐसा कुछ नहीं मिला जोकि इससे संबंधित हो।