इस डिजिटल जमाने में स्मार्टफोन हमारी लाइफ का अहम हिस्सा बन गया है। अब पेमेंट से लेकर कई जरूरी काम हम आसानी से कर सकते हैं। लेकिन जब बात सरकारी काम की आती हैं तो अक्सर हमें गवर्नमेंट ऑफिस जाना पड़ता है। हालांकि, सरकार ने लोगों को सहूलियत दी है कि वह ऐप के जरिये कई काम निपटा लें या फिर उन्हें ऐप पर ही जानकारी मिल जाए।

जी हां, सरकार ने कई ऐप्स लॉन्च किये हैं। इन ऐप्स के जरिये आप कई डिटेल्स हासिल कर सकते हैं। यह सरकारी ऐप्स कई कामों को आसान कर देता है। आज हम आपको बताएंगे कि आपको अपने फोन में कौन-से सरकारी ऐप्स रखने चाहिए, जिससे आप सरकारी दफ्तर के चक्कर काटने से बच सकते हैं।

उमंग ऐप 

एक ही जगह पर आधार कार्ड, डिजिलॉकर, पासपोर्ट और ईपीएफओ जैसे सरकारी सर्विस की डिटेल्स जानने के लिए उमंग ऐप (UMANG) बहुत मददगार साबित है। दरअसल, उमंग ऐप को सभी सर्विसेज के लिए इंटीग्रेट कर दिया गया है। ऐसे में अब अलग-अलग कामों के लिए अलग-अलग मोबाइल ऐप्स की जरूरत नहीं पड़ेगी।  

एमआधार ऐप 

आधार कार्ड से जुड़ी सभी जानकारी के लिए एमआधार ऐप काफी मदद करता है। इस ऐप से आप आधार कार्ड डाउनलोड भी कर सकते हैं और साथ ही आधार कार्ड को अपडेट कर सकते हैं। इसके अलावा आधार से जुड़े कई कामों को निपटाने के लिए भी आप इस ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं।

डिजीलॉकर ऐप 

सरकार ने डिजिटल लॉकर की भी सुविधा दी है। डिजीलॉकर ऐप (DigiLocker App) एक तरह का डिजिटल लॉकर है। इसमें आप ऑनलाइन डॉक्यूमेंट्स को स्टोर कर सकते हैं। इस लॉकर की खासियत है कि इसे केवल आधिकारिक तौर पर ही इस्तेमाल किया जा सकता है। आप डिजीलॉकर में ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, पैन कार्ड जैसे डॉक्यूमेंट्स को स्टोर कर सकते हैं।

MyGov

आम जनता की राय के लिए सरकार ने MyGov ऐप लॉन्च किया। यहां तक कि इस ऐप के जरिये आप सरकारी योजना और नीतियों के बारे में जानकारी भी पा सकते हैं।

mParivahan App

अपने व्हीकल से जुड़ी जानकारी को पाने के लिए mParivahan ऐप काफी कारगार साबित हो सकता है। इस ऐप की मदद से आप अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट यानी RC डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा चालान की पेमेंट भी कर सकते हैं। व्हीकल की डिटेल्स को अपडेट करने के लिए भी आप इस ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं।