दिल्ली| सरकार पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर स्थित राजकीय सर्वोदय कन्या बाल विद्यालय स्कूल की ऐसी इमारत बनाने जा रही है जो अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी की तरह दिखाई देगी। शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्कूल की नई इमारत की आधारशिला रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इमारत कोलंबिया यूनिवर्सिटी जैसी होगी। पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने इसकी योजना बनाई थी।सिसोदिया की ओर से शुरू की गई शिक्षा क्रांति को हम मिशन मोड में यू हीं जारी रखेंगे। उन्होंने स्कूलों को शानदार बनाया तो उन्हें जेल में डाल दिया गया। 

सिसोदिया ने दिल्ली में शिक्षा क्रांति लाकर दिखाई

केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसोदिया ने दिल्ली के अंदर शिक्षा क्रांति लाकर दिखाई, लेकिन भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर उन्हें जेल में डाल दिया गया। यदि आम आदमी पार्टी वाले भी पैसे खाने शुरू कर देते तो उन्हें जेल में नहीं डाला जाता। सिसोदिया पर झूठा केस लगाया गया है, लेकिन अंत में सच्चाई की ही जीत होती है। एमसीडी के स्कूल तोड़े जाने पर भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ हम लोग जगह-जगह नए स्कूल बना रहे हैं और वो लोग स्कूलों को तोड़कर भाजपा का दफ्तर बना रहे हैं। 

फरवरी-24 में पूरा होगा निर्माण

स्कूल वर्ष 2024 फरवरी में बनकर तैयार हो जाएगा। स्कूल में लिफ्ट भी होगी। वर्तमान में स्कूल में 5 हजार छात्र-छात्राओं का दाखिला होता है और दो शिफ्टों में कक्षाएं चलती हैं। पहली शिफ्ट लड़कियों के लिए है, जिसमें करीब तीन हजार छात्राओं हैं, जबकि दूसरी शिफ्ट में दो हजार लड़के पढ़ते हैं। केजरीवाल ने कहा कि स्कूल में पढ़ाई का स्तर इतना ऊंचा हो गया है कि अब यहां पर फ्रैंच, जर्मन, स्पेनिश और जापानी भाषाएं पढ़ाई जाती हैं। दिल्ली के कई बड़े-बड़े निजी स्कूलों में भी विदेशी भाषाएं नहीं पढ़ाई जाती हैं। अभी तक हम विदेशी भाषाएं ही पढ़ा रहे थे, अब विदेशों की तरह स्कूलों इमारत भी बनाएंगे।

शानदार स्कूल का निर्माण 

शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा कि नई इमारत की ड्राइंग देखने पर लगा कि मानो यह यह अमेरिका के किसी टॉप यूनिवर्सिटी की इमारत हो। बच्चे सर्वश्रेष्ठ शिक्षा के हकदार हैं और उन्हें विश्वस्तरीय शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए हम इस शानदार स्कूल का निर्माण करा रहे हैं। इस स्कूल को लोग टेंट वाला स्कूल कहते थे, लेकिन नई इमारत बनने के बाद इसे अमेरिकी यूनिवर्सिटी जैसी बिल्डिंग वाले स्कूल के नाम से जाना जाएगा।

साजिशन सरकारी स्कूलों को खराब किया गया 

केजरीवाल ने कहा कि 1947 में जब देश आजाद हुआ था तो सरकारी स्कूल ही होते थे। आजादी के बाद षड्यंत्र के तहत बड़ी तेजी के साथ सरकारी स्कूलों को खराब किया गया। 1990 के बाद से निजी स्कूल बढ़ते गए। कई निजी स्कूलों ने लूट मचा रखी है।

भाजपा ने कहा-दिल्ली में कोई शिक्षा क्रांति नहीं

प्रदेश भाजपा का कहना है िक दिल्ली के सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है। ऐसे में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का अंतरराष्ट्रीय स्कूल बनाने का दावा महज एक छलावा है। दिल्ली में कोई शिक्षा क्रांति नहीं है बल्कि दिल्ली में शासन में भ्रष्टाचार का चरम पर है। यह सब दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया द्वारा लागू की गई नो डिटेंशन पॉलिसी का नतीजा है।

शिक्षा क्रांति का यह हाल हुआ है कि छात्रों को 80 अंक में दहाई का आंकड़ा भी नहीं आ रहे है। छात्र महज 3, 6 और 9 अंक ला रहे है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा कि पिछले 8 वर्षों में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पटपड़गंज विधानसभा में स्कूल शिलान्यास की याद क्यों नही आई, मनीष सिसोदिया के जेल जाने के बाद ही ईस्ट विनोद नगर में स्कूल का शिलान्यास क्यों किया। शिक्षा प्रसार की जगह सिसोदिया ने शराब के ठेके खोलने का काम किया जिसका परिणाम दिल्ली के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो चुकी है और केजरीवाल सरकार के संरक्षण प्राइवेट स्कूल फल फूल रहे हैं। 

500 स्कूल बनाने का दावा करनी सरकार ने 14 स्कूल बंद कर दिए। मुख्यमंत्री का मानसिक संतुलन बिगड़ गया हे। केजरीवाल दिल्ली के स्कूलों तुलना विदेशों की पढ़ाई व्यवस्था और माहौल से करके दिल्ली की जनता का ध्यान भ्रमित करने के लिए कर रहे है।