छत्तीसगढ़ के कांकेर में एक बार फिर नक्सलियों ने एक युवक की हत्या कर दी। इस बार नक्सलियों ने उप सरपंच को निशाना बनाया है। मामला आमाबेड़ा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, गांव हुर्रापिंजोडी निवासी मनकेर हुर्रा (35) उप सरपंच था। उसका भाई भी गांव का सरपंच है। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात 5-6 नक्सली उसके घर में घुस गए। इसके बाद मनकेर को अगवा कर अपने साथ ले गए और जंगल में धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद नक्सलियों ने शव गांव में ही फेंक दिया। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। 

आमाबेड़ा थाने से जवानों की एक टीम गांव पहुंची। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि गांव नक्सल प्रभावित है। उप सरपंच की हत्या नक्सलियों ने क्यों की है, इसका कारण अभी पता नहीं चल सका है। हालांकि पुलिस मुखबिरी के संदेह में हत्या की आशंका जताई जा रही है। जवानों ने जंगल में भी सर्च ऑपरेशन चलाया है। जवानों के लौटने का इंजतार किया जा रहा है।