दिल्ली | भीषण सर्दी से ठिठुर रहे दिल्ली, उत्तर प्रदेश व पंजाब समेत उत्तर और पश्चिमोत्तर भारत के लोगों को 19 जनवरी के बाद से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं से इन इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आईएमडी ने बताया कि आज सुबह 5.30 बजे तक दिल्ली में सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि पालम में न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं मंगलवार सुबह 8.30 बजे सफदरजंग का तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और पालम का 4.8 डिग्री दर्ज किया गया। धूप निकलने के साथ ही आज एक बार फिर मौसम बेहद सुहाना हो गया है।कोहरे के कारण उत्तर भारत में कई ट्रेनें लेट हुईं। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लोग ट्रेनों का इंतजार करते देखे गए। एक यात्री ने कहा, मैं बिहार से आया था और मेरी ट्रेन यहां 2 घंटे देरी से पहुंची।

सोमवार को दिल्ली के मुख्य मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इससे 16 जनवरी राजधानी में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। विभाग के मुताबिक, 18 और 20 जनवरी की रात पश्चिमी विक्षोभ के चलते गुरुवार से सर्दी कुछ कम होनी शुरू होगी। हालांकि, घने कोहरे से लगभग मुक्ति मिल जाने के आसार हैं।

उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में कुछ दिन के ब्रेक के बाद शीतलहर ने फिर वापसी की है। सोमवार को दिल्ली में इस सीजन का सबसे कम 1.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। यह सामान्य से 5.7 डिग्री कम था। हालांकि सुबह से ही धूप खिलने के कारण सर्दी से राहत रही। एक दशक में दूसरी बार न्यूनतम तापमान इतना नीचे गया है। इससे पहले 2013 में छह जनवरी को न्यूनतम तापमान 1.9 और वर्ष 2021 में एक जनवरी को 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

वहीं इस साल जनवरी में 8 जनवरी को न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। ऑल टाइम रिकॉर्ड 16 जनवरी वर्ष 1935 का है, जब न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। वहीं आईएमडी के मुताबिक, मंगलवार सुबह दिल्ली के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, पालम में सुबह 5.30 बजे तक न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।